Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: सड़क सुरक्षा के नियम अपनाएं, हादसों पर लगाएं अंकुश : भूपेश चौबे

एआरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ, सदर विधायक ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से सोमवार को एआरटीओ कार्यालय में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने का आह्वान किया।

एआरटीओ प्रशासन कौशल कुमार सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, वाहन के आवश्यक दस्तावेजों और सड़क संकेतों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जागरूकता और नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

एआरटीओ प्रवर्तन सुधा ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी चालक के साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में डालती है। वहीं क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह ने कहा कि तेज गति, नशे में वाहन चलाना और लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। सुरक्षित सफर के लिए वाहन चालकों को संयमित होकर वाहन चलाना चाहिए और यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए।

कार्यक्रम में पीटीओ मनोज गुप्ता, यातायात प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह, प्रधान सहायक कृपांकर दुबे, ललित नारायण तिवारी, विनोद सोनकर, अमल त्रिपाठी, विकास सोनकर, डीवीए अनूप कुमार, सारथी स्टाफ दीपक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आनंद त्रिपाठी ने किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |