दुकान और गोदाम बंद कर चाभी फेंककर फरार होने का आरोप, कम्हारी में नई दुकान खोलने की भी कही बात; एसपी ने दस दिन में जांच आख्या मांगी।
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के कम्हारी स्थित एक सोलर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के संचालक ने अपने चार कर्मचारियों पर करीब 4.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, गबन और अमानत में खयानत करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की जांच कर दस दिनों के भीतर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र के अदलपुरा निवासी विकास सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह की कम्हारी स्थित धर्मशाला शाहगंज रोड पर हनुमत सोलर हाउस नाम से दुकान है। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर का कारोबार किया जाता है। आवेदक के अनुसार, दुकान के संचालन की जिम्मेदारी प्रबंधक हरि गोविंद सिंह पटेल, अकाउंटेंट वीरेंद्र प्रताप केसरी तथा माल एवं गोदाम का कार्य देखने वाले दीपक सिंह पटेल और इंद्रेश सिंह पटेल के पास थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके बाहर रहने के दौरान चारों कर्मचारी दुकान की खरीद-बिक्री, आय-व्यय और गोदाम के माल का हिसाब-किताब देखते थे। वर्ष 2024 से अब तक दुकान और गोदाम में हुए कारोबार तथा धनराशि का लगभग 4.50 करोड़ रुपये का हिसाब उसे नहीं दिया गया। आरोप है कि चारों ने आपस में मिलीभगत कर धनराशि और माल का गबन किया तथा दुकान और गोदाम बंद कर शोरूम में ताला लगाकर चाबी फेंककर फरार हो गए।
आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित कर्मचारी छह सितंबर 2026 को कम्हारी में ही सोलर आदि की नई दुकान खोलकर कारोबार करने लगे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम से उसे भारी आर्थिक क्षति हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रार्थना पत्र में उल्लिखित आरोपों की जांच कर दस दिवस के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। फिलहाल मामले में जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एफआईआर पंजीकृत किया गया है चार लोगों के खिलाफ, विवेचना निरीक्षक बनारसी यादव को सौपी गई है।जांच के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
वही विपक्ष हरि गोविंद सिंह पटेल ने बताया कि विकाश पटेल द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं हमने अपनी स्टेटमेंट,आधार,पेन कार्ड एसपी कार्यालय दे दिया है अगर हम दोषी हैं तो जरूर कार्यवाही करें।
