राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं से की मुलाकात, 2027 के चुनाव को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज
सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेत्री इशिका चौबे ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर हजारों व्रती महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया। छठ महापर्व के दौरान उनकी सक्रियता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। खास बात यह रही कि वह दिन ही नहीं, बल्कि पूरी रात अलग-अलग छठ घाटों का भ्रमण कर व्रती महिलाओं के बीच पहुंचती रहीं और उन्हें साड़ियां भेंट कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
महापर्व के दौरान जब पूरा क्षेत्र छठी मइया की भक्ति और सूर्य उपासना में लीन था, उस समय इशिका चौबे ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं को साड़ी भेंट कर उनके प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। हजारों की संख्या में महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
वहीं, राबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेत्री इशिका चौबे की लगातार सक्रियता को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। उनकी इस पहल के बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चुनावी समीकरण और संभावित दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
