अमेठीः 12 अभ्यर्थियों का हुआ चयन! राजकीय आईटीआई में प्रधानमंत्री अप्रेन्टिस मेले का आयोजन
November 16, 2026
गौरीगंज/अमेठी। युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गौरीगंज में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षार्थियों के लिए प्रधानमंत्री अप्रेन्टिस मेले का आयोजन किया गया। इस संबंध में संस्थान के प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि मेले में ग्लोबल ऑटो टेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा तथा हिंडाल्को, सोनभद्र कंपनियों में अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें कंपनियों की ओर से एचआर प्रतिनिधि श्री शैलेन्द्र दूबे ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। प्रधानमंत्री अप्रेन्टिस मेले में कुल 30 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 12 अभ्यर्थियों का अप्रेन्टिसशिप के लिए चयन किया गया। इस पहल से आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने तथा अपने तकनीकी कौशल को और अधिक विकसित करने का अवसर मिलेगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रधानमंत्री अप्रेन्टिस मेला युवाओं को उद्योगों से जोड़ने, उनकी कार्यक्षमता एवं दक्षता बढ़ाने तथा रोजगारपरक प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में प्लेसमेंट प्रभारी भारत भूषण मिश्रा, सहायक प्लेसमेंट प्रभारी रविकांत मिश्रा, दिवाकर मिश्रा एवं अतुल कुमार पाण्डेय सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
