ग्रामीणों की तत्परता से पकड़े गए तीनों आरोपी, लूट की नकदी, बैंक पासबुक और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
सोनभद्र, 4 नवंबर। घोरावल थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से 30 हजार रुपये से भरा झोला छीनकर भागने का प्रयास कर रहे तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से तीनों आरोपी मोटरसाइकिल सहित मौके पर ही पकड़ लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के 30 हजार रुपये नकद, इंडियन बैंक की पासबुक तथा घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को महिला अपनी सास, ससुर और गांव की अन्य महिलाओं के साथ ग्राम औराही स्थित इंडियन बैंक से आवास निर्माण के लिए 30 हजार रुपये निकालकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान पटका गांव मोड़ से करीब 20-25 मीटर आगे पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और महिला का रुपयों से भरा झोला छीनकर भागने लगे। महिला और उसके साथ मौजूद परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही घोरावल पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। उनके पास से पूरी 30 हजार रुपये की नकदी और बैंक पासबुक बरामद हुई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया लाल विश्वकर्मा (21) निवासी अठौना, सुनील विश्वकर्मा उर्फ पिंटू (23) निवासी सदारी तथा रामसुंदर पाण्डेय उर्फ रामू पाण्डेय (20) निवासी अठौना, थाना शाहगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सुनील विश्वकर्मा और रामसुंदर पाण्डेय हिस्ट्रीशीटर हैं।
इस मामले में थाना घोरावल में मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 के तहत धारा 309(4), 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शेष नारायण पाण्डेय, हेड कांस्टेबल इम्तियाज और कांस्टेबल गंगाचरन शामिल रहे।
