Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: चार करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार।

प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने दबोचा, 69,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल, लैपटॉप और स्कॉर्पियो बरामद

सोनभद्र। हनुमत सोलर हाउस फर्म में करीब चार करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 69 हजार 500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड और घटना से संबंधित स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मैविश टाक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर की सूचना और साइबर सेल से प्राप्त लोकेशन के आधार पर आरोपियों के प्रयागराज में होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस टीम ने रामबाग रेलवे स्टेशन के पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो-एन (UP64BC6155) की घेराबंदी कर उसमें सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिगोविन्द सिंह पटेल और विरेन्द्र प्रताप केशरी निवासी अखाड़ा मोहाल कम्हारी तथा इन्द्रेश सिंह पटेल निवासी ग्राम महेवा, थाना रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान हरिगोविन्द सिंह पटेल के पास से 54,500 रुपये नकद, चार क्रेडिट कार्ड और एक सैमसंग मोबाइल मिला। वहीं विरेन्द्र प्रताप केशरी के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद, आईफोन 16 प्रो मैक्स, एसर कंपनी का लैपटॉप तथा आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए। तीसरे आरोपी इन्द्रेश सिंह पटेल के पास से मोटोरोला, वीवो और नोकिया के तीन मोबाइल फोन मिले।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से यात्रा एवं दैनिक उपयोग के कपड़ों से भरे बैग भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को अलग-अलग सील कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वाहन के आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराने पर स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 894/2026 के तहत धारा 316(5), 351(3), 61(2)(क) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की कथित गबन और आपराधिक षड्यंत्र में भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक बनारसी यादव, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल रूपेश कुमार, रमेश कुमार और महिला कांस्टेबल श्रद्धा अवस्थी सहित रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस एवं एसओजी टीम शामिल रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |