मैराथन में स्कूली बच्चों और युवाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, विजेताओं को मेडल व प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित
सोनभद्र, 04 नवंबर। गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर जिला गंगा समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में बुधवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण एवं पर्यावरण स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के तहत बढ़ौली चौराहा रॉबर्ट्सगंज से तियरा स्टेडियम तक मैराथन दौड़ आयोजित की गई। इसे अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में स्कूली बच्चों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति महेंद्र गौतम ने मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं तियरा स्टेडियम में भारोत्तोलन, तीरंदाजी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विजेता एवं प्रतिभागियों को उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी तथा चुर्क, पटना एवं रॉबर्ट्सगंज के उप क्षेत्रीय वनाधिकारियों ने प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी, अंतरराष्ट्रीय एथलीट राम बाबू एवं मास्टर एथलीट संजय सिंह मौजूद रहे। समस्त खेल गतिविधियां जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद के नेतृत्व में संपन्न हुईं। इस दौरान वन प्रभाग के विभिन्न रेंज अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि गंगा उत्सव के माध्यम से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही नदियों की स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
