मुंबई, नवंबर 2026: 26/11 मुंबई हमले की बरसी पर ज़ी सिनेमा पर देखिए ‘भारत भाग्य विधाता’, एक ऐसी फिल्म जो उस भयावह रात के बीच उम्मीद, साहस और इंसानियत की अनकही कहानियों को सामने लाती है। फिल्म का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 26 नवंबर, गुरुवार रात 8 बजे होगा। 26/11 के आतंकी हमलों पर आधारित यह फिल्म उस दर्दनाक रात की याद दिलाती है, जब मुंबई कई घंटों तक आतंक और अनिश्चितता के साये में रहा। इस त्रासदी ने देश को गहरा घाव दिया, लेकिन इसी दौर में कई आम लोगों ने असाधारण साहस और मानवता का परिचय भी दिया। ‘भारत भाग्य विधाता’ ऐसे ही गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की मदद की और संकट की घड़ी में इंसानियत को सबसे ऊपर रखा।
मनोज तापड़िया के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ गिरिजा ओक और स्मिता तांबे भी अहम किरदारों में नजर आएंगी। कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय से इस सच्ची घटना से प्रेरित कहानी को जीवंत बनाया है। फिल्म दिखाती है कि 26/11 की उस रात जब चारों ओर दहशत का माहौल था, तब आम लोगों ने किस तरह हिम्मत दिखाई और दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आए।
फिल्म के बारे में बात करते हुए कंगना रनौत ने कहा, “गीता माधव गंधारे का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद खास और भावुक अनुभव रहा। 26/11 की घटनाओं को दोबारा याद करना इस बात का एहसास कराता है कि उस रात पूरे शहर ने कितना डर, दर्द और अनिश्चितता झेली थी। लेकिन इसी बीच आम लोगों ने जिस असाधारण हिम्मत का परिचय दिया, वो भी हमेशा याद रखने लायक है। गीता की कहानी उन गुमनाम नायकों को सलाम है, जिन्होंने मुश्किल वक्त में डर के बजाय इंसानियत को चुना। 26 नवंबर को हमले की बरसी के मौके पर ज़ी सिनेमा पर ‘भारत भाग्य विधाता’ का प्रीमियर हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म के जरिए सिर्फ उस त्रासदी को ही नहीं, बल्कि उस रात सामने आई हिम्मत, इंसानियत और दूसरों के लिए कुछ कर गुजरने के जज़्बे को भी याद रखेंगे।”
फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया कहते हैं, “ ‘भारत भाग्य विधाता’ बनाने के पीछे हमारा मकसद 26/11 की घटना को एक ऐसे नजरिए से दिखाना था, जिस पर अब तक उतनी बात नहीं हुई है। हमले को याद करते समय हमारे सुरक्षा बलों की बहादुरी को हमेशा सलाम किया जाता है, लेकिन उसी रात कामा अस्पताल के भीतर भी हिम्मत की कई ऐसी मिसालें सामने आई थीं, जिन्हें जानना जरूरी है। डॉक्टरों, नर्सों, अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने अपनी जान पर खतरा होने के बावजूद मरीजों को बचाने और दूसरों की मदद करने का काम जारी रखा। यह फिल्म उन्हीं लोगों की हिम्मत और इंसानियत को हमारा सलाम है। 26 नवंबर को ज़ी सिनेमा के जरिए यह कहानी देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगी, यह हमारे लिए इसे और भी खास बनाता है।”
26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बनी ‘भारत भाग्य विधाता’ की कहानी मुंबई के कामा और एलब्लेस हॉस्पिटल में घटती है। उस रात जब आतंक ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया था, तब इस हॉस्पिटल के डॉक्टर, नर्स और दूसरे कर्मचारी भी एक बेहद मुश्किल स्थिति में फंस गए थे। हर तरफ डर और अफरा-तफरी के बीच इन लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सुरक्षा की और कई लोगों की जान बचाने में जुटे रहे। सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म उन आम लोगों की बहादुरी, हिम्मत और इंसानियत की कहानी है, जिन्होंने मुश्किल हालात में भी अपने फर्ज को सबसे आगे रखा।
देखना न भूलें ‘भारत भाग्य विधाता’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर, गुरुवार 26 नवंबर को रात 8 बजे, सिर्फ ज़ी सिनेमा पर!
