तिलोई/अमेठी। मोहनगंज पुलिस ने अपहरण की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, सफेद गमछा, मास्क और बांस का डंडा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से युवक के परिजनों ने राहत की सांस ली है।पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को निसार अहमद पुत्र स्वर्गीय अबुल हसन निवासी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा मोहम्मद अंसार प्रयागराज निवासी कामरान उर्फ चांद के यहां काम करता था। काम के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि 15 नवंबर को अंसार शाहमऊ बाजार में सामान लेने गया था, तभी कामरान उर्फ चांद अपने साथियों के साथ सफेद अर्टिगा कार से पहुंचा और उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गया। तहरीर के आधार पर मोहनगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 367/26, धारा 140(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस टीम अपहृत युवक की तलाश में जुटी थी। 16 नवंबर को तलाश के दौरान मोहनगंज पुलिस को कौशांबी जनपद के कड़ाधाम थाना क्षेत्र में प्रयागराज-कानपुर हाईवे स्थित दारानगर फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर खड़ी काली स्विफ्ट कार से आवाज सुनाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर कार खुलवाई तो पिछली सीट पर युवक के दोनों हाथ गमछे से बंधे और चेहरे पर मास्क लगा मिला। युवक की पहचान अंसार के रूप में हुई। उसके साथ कार में कामरान उर्फ चांद और रूमी अहमद बैठे थे, जबकि चालक आतिफ था।पुलिस ने अंसार को सकुशल मुक्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कार की डिग्गी से बांस का डंडा भी बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामरान उर्फ चांद, रूमी अहमद और आतिफ, निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह सहित मोहनगंज पुलिस टीम के उपनिरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल रोहित सिंह, शिवम सिंह राठौर और आशीष शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पैसों के लेनदेन के विवाद में युवक को कार से किया था अगवा, कौशांबी में दूसरी कार से बरामदगीय गमछा, मास्क और बांस का डंडा मिला
