जगदीशपुरः कमरौली पुलिस का पैदल गश्त अभियान, त्योहारों पर कड़ी निगरानी
November 16, 2026
जगदीशपुर/अमेठी। त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमेठी पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कमरौली पुलिस ने अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की। साथ ही बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और अपुष्ट खबरों को बिना सत्यापन के आगे साझा करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई देता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
