Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मुंगेर में सरकारी दफ्तर से चपरासी रहस्यमय तरीके से लापता, सहकर्मी से हुआ था विवाद


बिहार के मुंगेर में एक सरकारी कर्मचारी के लापता होने का मामला सामने आया है। जिला पंचायती राज कार्यालय में कार्यरक एक कर्मचारी के रहस्यमय तरीके से गायब होने से लोग हैरान हैं। पंचायती राज कार्यालय में चपरासी के पद पर कार्यरत सुरेंद्र मंडल 9 नवंबर को ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान कार्यालय में ही एक सहकर्मी के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद से सुरेंद्र मंडल लापता हैं। चार दिनों से कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिवार परेशान है। वहीं, एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

दरअसल, जिला पंचायती राज कार्यालय में चपरासी के पद पर काम करने वाले सुरेंद्र मंडल रोजाना की तरह ड्यूटी करने घर से निकले थे। परिजनों ने बताया कि ऑफिस में ही उनकी किसी से कहा सुनी हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद सुरेंद्र मंडल घर वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। आवेदन के आधार पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कार्यालय और संबंधित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

इस पूरे मामले की जांच के लिए एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है और प्राथमिकता से लापता कर्मचारी की खोजबीन की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर सरकारी कार्यालय में उस दिन ऐसा क्या हुआ कि ड्यूटी पर पहुंचे सुरेंद्र मंडल अचानक लापता हो गए? सहकर्मी के साथ हुए विवाद की पूरी सच्चाई क्या है? पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |