Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा, पूर्व सरपंच की मौत, करीब 7 लोग घायल




राजस्थान के झुंझुनूं से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां के पंचायत चुनाव के दौरान खेतड़ी उपखंड क्षेत्र की विजय नगर ग्राम पंचायत में चुनावी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मतदान समाप्त होने से करीब एक घंटे पहले मतदान केंद्र के पास हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मारपीट और तोड़फोड़ से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, विजय नगर ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी चुनावी गतिविधियों में शामिल थे। इस चुनाव में उनकी पुत्रववधू सुमन सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। मतदान खत्म होने से करीब एक घंटे पहले मतदान केंद्र के पास चुनाव को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना में करीब 5 से 7 लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

इसी दौरान लक्ष्मी नारायण सैनी के सिर पर पत्थर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नीमकाथाना अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए करीब तीन-चार संदिग्ध आरोपियों को डिटेन किया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। मृतक के शव को नीमकाथाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी नीमकाथाना अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और चुनाव जैसे लोकतांत्रिक पर्व के दौरान इस तरह की हिंसक घटना गंभीर चिंता का विषय है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चुनावी विवाद में हुई मौत के बाद विजय नगर ग्राम पंचायत क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इससे पहले भीलवाड़ा में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंसा भड़की थी और पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इस मामले में दर्जनों लोग गिरफ्तार हुए थे

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |