सुपौल में घने कोहरे के कारण हुआ बड़ा हादसा, दो ट्रकों की भीषण टक्कर
November 17, 2026
बिहार के सुपौल में कोहरे का कहर देखने को मिला। आज सुबह घने कोहरे की वजह से एनएच पर एक भीषण हादसा हो गया। कोहरे में कुछ दिखाई न देने की वजह से दो ट्रकों की आमने सामने से सीधी टक्कर हो गई, इस हादसे में दोनों ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों ट्रकों के चालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को ट्रकों से बाहर निकाला।
लोगों ने घायल दोनों ट्रक ड्राइवर को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना जिले के जदिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर चौक के पास एनएच-327ई त्रिवेणीगंज-रानीगंज मुख्य मार्ग पर सुबह करीब साढ़े छह बजे की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक BR 33 GB 4736 पर एचपी गैस के 504 सिलेंडर लदे हुए थे। जो त्रिवेणीगंज की ओर से रानीगंज की तरफ जा रहा था। वहीं दूसरा ट्रक WB 57 E 8499 गिट्टी लादकर रानीगंज की ओर से जदिया की तरफ आ रहा था। इसी दौरान अनंतपुर चौक से कुछ दूरी पहले घने कोहरे के कारण दोनों ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटनास्थल के आसपास मॉर्निंग वॉक कर रहे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान कुछ दूरी पर अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों चालक अंदर ही फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों ड्राइवर को बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल गैस सिलेंडर लोड ट्रक चालक की पहचान नवादा जिला निवासी 45 साल के प्रवेश यादव के रूप में हुई है प्रवेश का पैर बुरी तरीके से फ्रेक्चर है और उसके सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं जिसे अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं दूसरा गिट्टी लोड ट्रक चालक झारखंड के पाकुड़ निवासी फेक मोहम्मद शेख के 35 साल बेटे उस्मान शेख के रूप में हुई है उसकी हालत भी नाजुक है। घायल उस्मान शेख को किसी निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। हालांकि गनीमत की बात ये है कि गैस सिलेंडर लदे ट्रक से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अगर ये एक्सीडेंट और भीषण होता तो गैस सिलेंडर में आग लगने से स्थिति गंभीर हो सकती थी।
