पीलीभीत। नवंबर यातायात माह के तहत मझोला पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। चैकी प्रभारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से वाहन चालकों में हड़कंप मचा है, लेकिन कार्रवाई के तौर-तरीकों को लेकर व्यापारियों में नाराजगी भी बढ़ने लगी है।
व्यापारियों का आरोप है कि बाजार में फुटपाथ पर खड़े वाहनों को बिना स्पष्ट कारण बताए उठाकर चैकी ले जाना उचित नहीं है। चैकी प्रभारी द्वारा खुद वाहनों को उठाकर ले जाने की प्रक्रिया भी बाजार में चर्चा का विषय बनी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन कार्रवाई पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुसार होनी चाहिए।वहीं, कस्बे में कुछ लोगों द्वारा मोटरसाइकिलों का स्वरूप बदलकर उन्हें तीन पहिया वाहनों में तब्दील कर व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे वाहन सड़कों पर खुलेआम दौड़ रहे हैं। इन वाहनों पर कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों के खिलाफ एक समान कार्रवाई की जाए।उधर, नेहरू इंटर कॉलेज के पास स्कूल की छुट्टी के समय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। इस दौरान मनचलों पर निगरानी और अव्यवस्थित यातायात पर नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी जरूरी है।अब बड़ा सवाल यह है कि यातायात अभियान सिर्फ बिना नंबर प्लेट और बाजार में खड़े वाहनों तक सीमित रहेगा या नियमों को ताक पर रखकर चल रहे सभी वाहनों पर कार्रवाई होगी? पुलिस की निष्पक्षता की असली परीक्षा समान कार्रवाई से ही होगी।
