पीलीभीत। मझोला कस्बे के चीनी मिल खेल मैदान पर बुधवार को दो दिवसीय शहीद भगत सिंह वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के साथ सीमावर्ती उत्तराखंड की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी मैदान में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं। टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबलों की भरमार रहेगी। पूरनपुर और तिलहर, रुद्रपुर और लोधीखेड़ा, मझोला और पीलीभीत के साथ टांडा और नौशाद की टीमों के बीच मुकाबले प्रस्तावित हैं। इन भिड़ंतों को लेकर खिलाड़ियों के साथ खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है।खेल के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान के चारों ओर लोहे की ऊंची जालियां लगाकर घेराबंदी की गई है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विकास अग्रवाल, राज सिंह और सनी शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैदान पर जुटे खेल प्रेमियों की मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ता रहा।
