कुत्तों के भौंकने से हाथी का कद छोटा नहीं होता-रोहिणी आचार्य
November 17, 2026
शिवसेना (UBT) की नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर के बयान "लालू-भालू की लड़की कुछ भी बात कर रही है, आ जाओ मुंबई, दिखा देते हैं" पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा पलटवार किया है।
रोहिणी आचार्य ने कहा, "कुत्तों के भौंकने से हाथी का कद छोटा नहीं होता। मुंबई और महाराष्ट्र किसी की जागीर नहीं है। कोई उपद्रवी और भड़काऊ बयान देने वाला एंटी-सोशल एलिमेंट, जिसके बचाव में ऐसी ही भाषा बोलने वाली/वाले उतरते हैं, यह तय नहीं कर सकता कि बिहार के लोग अपनी संस्कृति-परंपरा और पर्व का पालन कहां और कैसे करेंगे।"
रोहिणी ने कहा, "नीच लोगों की गंदी जुबान उनकी घटिया मानसिकता, बाजारू चरित्र, गंदी परवरिश और ओछी सोच को उजागर करती है और ऐसे लोगों की घटिया टिप्पणियां लालू जी जैसी महान शख्सियत, मेरा या किसी का भी कद छोटा नहीं कर सकतीं।"
रोहिणी ने राज ठाकरे को बरसाती मेढक और प्रशांत किशोर ने लम्पट कहा था। इसके बाद किशोरी ने रोहिणी को लालू-भालू की लड़की कहा था।
हाल ही में बिहार में RJD की कमान संभालने की चर्चा पर लालू की बेटी रोहिणी आचार्य का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था, "ऐसी कोई बात नहीं है, मैं पापा के लिए आयी हूं, लोग तो बोलने के लिए कुछ भी बोलते हैं लेकिन मैंने जैसे ट्वीट भी किए, उस पर आज भी कायम हूं।"
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में RJD को मिला हार के बाद रोहिणी आचार्य बिहार से वापस अपने ससुराल चली गई थीं। हालांकि हाल ही में वह वापस बिहार आईं और अपने पिता के साथ ही दिखीं।
उन्होंने ये भी कहा था, "बहुत दिन से प्रोग्राम था, मुझे समय नहीं मिल पा रहा था, पहले दिन से पापा आने के लिए बोल रहे थे। जैसे ही मुझे टाइम मिला फिर मैं यहां आई, पापा की हेल्थ के लिए आई, पापा की देखभाल करने के लिए आई।"
आगे राजनीति में आएंगी? इस सवाल पर रोहिणी ने कहा, "अभी बहुत लंबी उम्र है मेरी, मां बाप का आशीर्वाद चाहिए, सबसे बड़ी बात तो यही है कि मैं माता-पिता की सेवा करने आई हूं, उनकी सेवा उनकी हेल्थ से ज्यादा मेरी लाइफ में कोई प्राथमिकता नहीं है, जैसा मैंने ट्वीट भी किया, मैं आई हूं, अपने माता-पिता की सेवा करने के लिए। आगे चलकर क्या होगा, वह मैं कैसे बता सकती हूं, अभी मैं क्या कर रही हूं, वह मैं बता सकती हूं।"
