गौरीगंज: भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन
November 05, 2026
गौरीगंज/अमेठी। भारतीय जनता पार्टी अमेठी की मासिक जिला कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय गौरीगंज में जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी सुनील सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से जुटने का आह्वान किया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सामूहिक वंदे मातरम् के बाद जिलाध्यक्ष ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने नव मतदाता सम्मेलन, मतदाता पुनरीक्षण, सक्रिय सदस्य सम्मेलन तथा शक्ति केंद्रों पर पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रवास को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अमेठी की सभी सीटों पर भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से जुटें। मुख्य अतिथि सुनील सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम करें। विपक्ष के भ्रम और भ्रांतियों का जवाब संयम एवं तथ्यों के आधार पर दें। पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने भी संगठन की मजबूती को देश और प्रदेश की मजबूती का आधार बताया। बैठक को पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी तथा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित चैधरी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गीता सिंह और पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्रीनाथ वर्मा का स्वागत किया गया। भाजपा में शामिल होने के बाद जिला कार्यालय पहुंचे विधायक राकेश प्रताप सिंह का भी पदाधिकारियों ने अभिनंदन किया। बैठक में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, विस्तारक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
