संग्रामपुरः 800 जरूरतमंदों को साड़ी-सूट और मिठाई वितरित! लक्ष्मी पूजन से पहले लक्ष्मी ने बांटी खुशियों की सौगात
November 05, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए गुरुवार को जगन्नाथ सेवा संस्थान की जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी सोनी ने धनतेरस के अवसर पर लक्ष्मी पूजन से पहले 800 गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों को दीपावली की सौगात भेंट की। इस दौरान महिलाओं को साड़ी-सूट और परिवारों को मिठाई वितरित की गई। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी की पत्नी लक्ष्मी सोनी की ओर से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में 700 हिंदू और 100 मुस्लिम परिवारों को उपहार देकर दीपावली की खुशियों में शामिल किया गया। त्योहार से पहले मिले उपहारों से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर महेश सोनी ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। समाज के सक्षम लोगों का कर्तव्य है कि वे जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज का कोई भी गरीब और असहाय व्यक्ति खुशियों से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से जगन्नाथ सेवा संस्थान की जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी सोनी के माध्यम से 800 परिवारों को दीपावली का उपहार वितरित किया गया। कार्यक्रम में सुशील जायसवाल, राकेश लोहिया, हिमांशु, राजू, अनूप अग्रवाल, सीता देवी, रुचि पांडेय और पुष्पा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों की सेवा का संदेश दिया गया।
