Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

गौरीगंज: बाजारों में दिखी रौनक और चहल-पहल! धनतेरस से एक दिन पहले ही सजने लगीं बर्तनों की दुकानें


गौरीगंज/अमेठी। दीपावली पर्व की शुरुआत के साथ ही धनतेरस को लेकर बाजारों में उत्साह दिखाई देने लगा है। धनतेरस से एक दिन पहले ही जिले के प्रमुख बाजारों में बर्तनों की दुकानें सजकर तैयार हो गई हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के बाहर स्टील, पीतल, तांबा और कांसे के बर्तनों की आकर्षक सजावट की है। वहीं बाजारों में खरीदारी की तैयारी को लेकर लोगों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। धनतेरस के मद्देनजर बर्तन कारोबारियों ने इस बार विभिन्न डिजाइन और रेंज के बर्तनों का स्टॉक मंगाया है। दुकानों पर थाली, कटोरी, गिलास, चम्मच, डिनर सेट, कुकर, कड़ाही, बाल्टी और पूजा में इस्तेमाल होने वाले पीतल के बर्तन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें भी सजने लगी हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन बाजार में अच्छी बिक्री होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इसे धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। मान्यता है कि इसी दिन समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और आरोग्य का देवता माना जाता है। इसी कारण इस दिन उनकी पूजा का विशेष महत्व है। वहीं माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा भी की जाती है। परंपरा के अनुसार धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। लोग इस दिन नए बर्तन खरीदकर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। धनतेरस के साथ ही दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का उल्लास और बढ़ जाता है। बाजारों में बढ़ती रौनक से व्यापारियों के चेहरे भी खिलने लगे हैं और उन्हें इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |