पीलीभीत। लिटिल एंजेल्स स्कूल में बुधवार को दो दिवसीय वार्षिक समारोह ‘उद्गम’ का रंगारंग आगाज हुआ। पहले ही दिन नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं, शानदार नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्री-प्राइमरी सेक्शन के पीएनसी, एनसी और केजी के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल, प्रधानाचार्य एनसी पाठक, उप प्रधानाचार्या अंजू सक्सेना, हेडमिस्ट्रेस नीना मेहरोत्रा तथा कोऑर्डिनेटर पल्लवी गुप्ता और प्रिया जैन मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने मंच संभालते ही अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गणेश वंदना से शुरू हुई प्रस्तुतियों की श्रृंखला में वेंगा बॉयज, ओशन डांस, मेरी दुनिया, चतुर खरगोश, कोली नृत्य, जंगल बंगल जादू, बम्बल बी, डिग्गी, एक अनेक और वेस्टर्न डांस ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। वहीं स्कूल ऑर्केस्ट्रा की संगीत प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ‘उद्गम’ का उद्देश्य बच्चों को अपनी रचनात्मकता दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर देना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के व्यक्तित्व का विकास होता है और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने का मंच मिलता है।नन्हे सितारों की प्रतिभा, उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी समारोह की पहली शाम यादगार बन गई।
