21 नन्हे आरती सेवकों का हुआ सम्मान, डीएफओ बोले- नदियों की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी
पीलीभीत। गंगा उत्सव के मौके पर गोमती उद्गम स्थल पर आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संगम देखने को मिला। दिनभर चले आयोजनों में जहां स्कूली बच्चों ने नदी और घाटों की स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं शाम को दीपदान और भव्य आरती से पूरा परिसर जगमगा उठा। करीब 700 विद्यार्थियों की भागीदारी के बीच सवाल यह भी रहा कि नदियों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी आखिर केवल सरकारी विभागों की क्यों हो? कार्यक्रम में बच्चों ने रैली, रंगोली और क्विज के माध्यम से समाज को जल संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं की स्वच्छता जागरूकता रैली से हुई। विद्यालय से गोमती उद्गम स्थल तक निकली रैली में विद्यार्थियों ने मां गोमती के दर्शन कर नदी संरक्षण का संकल्प जताया। इसके बाद रंगोली प्रतियोगिता में इको फ्रेंडली ग्रुप ने पहला, अरण्य ग्रुप ने दूसरा और धरोहर ग्रुप ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्विज प्रतियोगिता में कक्षा एक से 12वीं तक के करीब 700 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और जिला पंचायत सदस्य ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अन्य विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। शाम को मां गोमती की भव्य आरती और दीपदान हुआ। दीपों की रोशनी से पूरा उद्गम स्थल जगमगा उठा। इस दौरान नियमित रूप से आरती करने वाली 21 बच्चों की टीम को विशेष सम्मान दिया गया।डीएफओ सामाजिक वानिकी भरत कुमार डीके ने कहा कि नदियों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आमजन और युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। नदी और घाटों की सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की मांग है। बच्चों की सहभागिता को उन्होंने भविष्य के लिए सकारात्मक पहल बताया।मुख्य अतिथि गोकुल प्रसाद मौर्य ने कहा कि नदियों और घाटों की स्वच्छता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री भी इस विषय को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने लोगों से नदियों को स्वच्छ और संरक्षित रखने में सहयोग की अपील की।कार्यक्रम में डीएफओ भरत कुमार डीके, उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चैहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, जिला परियोजना अधिकारी सौरभ सिंह, डॉ. आदर्श कुमार, गोमती सेवक निर्भय सिंह, राममूर्ति सिंह, विजेंद्र सिंह, नरेश सिंह, राजीव, महिपाल, मैकूलाल सहित आरती सेवक मौजूद रहे।
