पीलीभीतः वाराणसी के एनसीसी कैंप में लिटिल एंजेल्स स्कूल के कैडेट्स ने दिखाया दमखम! एक भारत श्रेष्ठ भारत’ शिविर में चार कैडेट्स ने किया प्रतिभाग
November 16, 2026
पीलीभीत। वाराणसी में 91 यूपी बटालियन एनसीसी, वाराणसी ‘ए’ के तत्वावधान में आयोजित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एनसीसी कैंप में लिटिल एंजेल्स स्कूल के चार एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कैंप में विद्यालय के कैडेट्स हाशिनी ए, अन्विता दीक्षित, आदित्य वर्मा और प्रथम पांडे ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और सक्रिय भागीदारी से सभी का ध्यान आकर्षित किया।शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा देश की सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना रहा। इसमें बरेली, गोरखपुर, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा सहित एपी एंड टी निदेशालय के विभिन्न ग्रुप मुख्यालयों से आए एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया।कैंप के दौरान कैडेट्स को परेड के माध्यम से अनुशासन, शारीरिक दक्षता और सामूहिक एकता का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा वॉलीबॉल प्रतियोगिता, क्विज, कला और नृत्य जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।शिविर में शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ कैडेट्स को वाराणसी की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत को करीब से जानने का अवसर भी मिला। इस दौरान उन्होंने सारनाथ और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का भ्रमण कर भारतीय संस्कृति, इतिहास और धार्मिक परंपराओं की जानकारी प्राप्त की।कैडेट्स की इस उपलब्धि और सक्रिय सहभागिता पर विद्यालय प्रबंधन एवं एनसीसी अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। कैडेट्स ने इस यादगार अवसर के लिए विद्यालय की एएनओ मोनिका बिष्ट, 25 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर, पीआई स्टाफ तथा शिविर के आयोजकों के प्रति आभार जताया। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह शिविर कैडेट्स के लिए सीखने, अनुशासन अपनाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को आत्मसात करने का यादगार अनुभव साबित हुआ।
