लम्भुआ/ सुल्तानपुर। मिशन शक्ति केंद्र लम्भुआ की पहल और महिला पुलिस चैकी की टीम के सराहनीय प्रयासों से पांच माह से चल रहे पारिवारिक विवाद का सुखद समाधान हो गया। पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर दोबारा एक साथ रहने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक बिनीत जायसवाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह के पर्यवेक्षण में रिपोर्टिंग महिला पुलिस चैकी लम्भुआ एवं मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने यह सराहनीय पहल की। चैकी पर प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर आवेदिका मनीता पत्नी विजय कुमार, पुत्री रामकिशुन निवासी ग्राम रामपुर कुर्मियान, थाना लम्भुआ तथा उनके पति विजय कुमार पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम मीरपुर सरैया, थाना मोतिगरपुर के बीच पिछले पांच माह से चल रहे पारिवारिक विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया।
महिला पुलिस चैकी पर तैनात उपनिरीक्षक शिवानंद राय, कांस्टेबल अक्षय कुमार, महिला कांस्टेबल राजू सिंह एवं मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर आपसी सहमति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार समझाइश और बातचीत के बाद दंपती अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद चैकी स्तर से उनकी विदाई कराई गई।
पुलिस की इस पहल से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा। दोनों परिवारों ने मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला पुलिस चैकी की टीम के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस की इस पहल को पारिवारिक रिश्तों को टूटने से बचाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।
