सुलतानपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र के अमिलिया कला गांव में राजस्व टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को खैंचिला गांव मोड़ के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में राहुल सिंह उर्फ प्रवीण सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके साथी नौशाद अली को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी मनोज सिंह को अलग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर की रात अमिलिया कला गांव में अवैध खनन की सूचना पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने खनन रोकने और वाहनों को सीज करने की बात कही तो आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर राजस्व कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले के वांछित आरोपी राहुल सिंह और नौशाद अली काले रंग की स्कॉर्पियो से खैंचिला की तरफ से मुरली नगर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने खैंचिला गांव मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो सवार दोनों आरोपी वाहन छोड़कर बाग की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेरने की कोशिश की तो नौशाद के कहने पर राहुल सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राहुल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने राहुल के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार (न्च्44।ल्6094) भी कब्जे में ली गई है। इसके अलावा मामले में वांछित तीसरे आरोपी मनोज सिंह पुत्र अनिल सिंह निवासी रवनियां, थाना करौंदीकला को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ कुल 10 पुराने मुकदमों का उल्लेख है। वहीं, अवैध खनन से जुड़े मामले में भी कार्रवाई की गई है। प्रकरण में कुल छह वाहनों को सीज किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में कोतवाली नगर में एक अन्य मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई।
