गुजरात के गोधरा में सेंट्रल बस स्टैंड में लगी भीषण आग, दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान
November 17, 2026
गुजरात के गोधरा से एक बड़ी खबर है। गोधरा के सेंट्रल बस स्टैंड में बीती देर रात को शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की खबर सामने आई है, जिसमें बस स्टैंड के अंदर बनी हुई दुकानें जलकर खाक हो गई हैं। इसमें पार्सल ऑफिस, कंट्रोल ऑफिस भी शामिल है।
आग लगने की खबर मिलते ही गोधरा फायर विभाग की सभी गाड़ियां आग बुझाने में लग गईं एवं गोधरा शहर के ए और बी डिवीजन के पुलिस इंस्पेक्टर सहित पुलिस काफिले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
आग कैसे लगी उसकी सही वजह जांच होने के बाद ही मालूम चल सकेगी। आग ने इतना भयानक रूप धारण कैसे किया, इसकी प्राथमिक वजह जानने की कोशिश करने के बाद मालूम चला कि जो बस स्टैंड बना हुआ था, उसके ऊपर लगी छत प्लास्टिक के साधनों से बनी हुई थी एवं नीचे लोगों को गर्मी ना लगे, इसी वजह से इसके बीच में थर्मोकोल डाला गया था, जिसके कारण आग ने भयानक रूप धारण कर लिया।
फिलहाल प्रशासन एवं परिवहन विभाग आग बुझाने में लगे हुए हैं। इस आग के कारण लाखों रुपए का नुकसान होने की संभावना है। इसके अलावा बस स्टैंड के अंदर एक पार्सल ऑफिस होता है, जिसमें लोग अपना कीमती सामान परिवहन के माध्यम से अलग-अलग शहरों में बेचते हैं, उस पार्सल ऑफिस में बहुत सारी कीमती चीज होने की संभावना है।
अधिकारी पीएफ सोलंकी का कहना है कि गोधरा के बस स्टैंड पर अचानक आग लग गई थी। फायर बिग्रेड की टीम फौरन मौके पर पहुंची थी। आग को एक समय के बाद काबू में कर लिया गया। आग में कोई जनहानि नहीं हुई है। अधिकारी ने बताया कि दुकान में प्लास्टिक का मैटेरियल था, इसलिए आग फैली।
मिली जानकारी के मुताबिक, अब आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन लाखों का नुकसान जरूर हुआ है। मामले की जांच की जा रही है कि आखिर आग इतनी ज्यादा कैसे फैल गई।
इससे पहले दिवाली की तैयारी के बीच एक खबर सामने आई थी कि गोधरा में एशियन पेंट्स का शोरूम धधक उठा था, इसका भी VIDEO सामने आया था।
