केजरीवाल के आवास 'शीशमहल' को देख सकेंगे आम लोग, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दी जानकारी
November 17, 2026
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का आवास 'शीशमहल' अब आम आदमी भी देख सकेगा। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को ये जानकारी दी है। उन्होंने ये भी बताया कि आम लोगों के लिए आवास देखने का समय और टिकट बुक करने की व्यवस्था अगले सप्ताह तक शुरू हो जाएगी।
अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली के सीएम थे तो उन्होंने आवास के ऊपर काफी खर्चा किया था। इस आवास का खर्च जब सामने आया था तो इसे शीशमहल कहा जाने लगा था और तत्कालीन विपक्ष यानी बीजेपी ने इस मुद्दे को काफी उठाया था और ये कहा था कि आम आदमी की बात करने वाले केजरीवाल शीशमहल में रहते हैं और उन्होंने इसमें बेशुमार पैसे खर्च किए हैं।
अब दिल्ली सरकार इस शीशमहल को आम आदमी के लिए खोल रही है, जिसमें आम आदमी टिकट लेकर शीशमहल को देख सकेगा।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, "जनता की मांग को देखते हुए हम 'शीशमहल' को लोगों के देखने के लिए खोलेंगे। हम लोगों को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण दिखाएंगे कि कैसे एक व्यक्ति, जिसने कहा था कि वह सरकारी वाहन तक का इस्तेमाल नहीं करेगा, उसने कई अन्य घरों को ध्वस्त करके अपने लिए यह आलीशान आवास बनवाया।"
शुरुआत में ये शीशमहल मीडिया के लिए खुलेगा। इसके बाद आम आदमी टिकट खरीदकर इसे देख सकेगा। इस दौरान आवास के अंदरूनी हिस्सों को भी देखा जा सकेगा।
केजरीवाल 2015 से 2024 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह में रहे थे। इसी आवास को शीशमहल कहा गया। बीजेपी ने इसे शीशमहल कहा था क्योंकि बीजेपी का आरोप था कि भ्रष्टाचार करके इसे तैयार करवाया गया।
बीते साल दिल्ली विधानसभा में भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस आवास के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जो अनुमानित लागत से 342 प्रतिशत अधिक थे।
इससे पहले ये खबर सामने आई थी कि अब केजरीवाल के 'शीशमहल' का क्या होगा? इस बारे में सीएम पद की शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने बताया था। (
