- सिलौंधी में हो रही भागवत कथा में नारी शक्ति की महिमा का वर्णन सुन श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध
लालगंज/प्रतापगढ़। सिलौधी के बादशाहपुर गांव में हो रही श्रीमदभागवत कथा में मंगलवार को कथावाचिका ने सनातन धर्म में नारी शक्ति की महिमा का अनुपम बखान किया। नैमिषारण्य से पधारीं साध्वी कनक पाण्डेय ने कहा कि अहिल्या तथा द्रोपदी, कुन्ती, तारा का चरित्र धर्म की रक्षा के लिए त्याग और धैर्य व अन्याय से संघर्ष का असाधारण प्रेरणा है। उन्होने कहा कि द्रोपदी ने अनेक कष्ट उठाने के बावजूद अपमान के सामने न झुकने की नारी जगत को प्रेरणा दी है। वहीं तारा बुद्धिमत्ता व दूरदर्शिता की मिसाल हैं। साध्वी कनक पाण्डेय ने कहा कि भगवान की भक्ति की पूर्णता में कभी भी जीवन में अहंकार, भय, आशक्ति, अधैर्य व फल की लालसा को जगह नहीं मिला करती है। उन्होने कहा कि मनुष्य को कठिन समय में भगवान की ओर से आत्मशुद्धि का अवसर मिला करता है। उन्होनें कहा कि सुख में श्रद्धा आसान है। वहीं संकट के समय श्रद्धा की गहराई का पता चला करता है। उन्होने कहा कि हर परिस्थिति में भगवान के प्रति विश्वास बनाये रखना ही सच्ची आराधना है। कथा के दौरान सुमधुर भक्ति संगीत के भजनों पर भी श्रद्धालु मगन दिखे। संयोजक समाजसेवी जगदीश नारायण मिश्र तथा सुशीला मिश्रा ने व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। कथा मंे अवधेश प्रपन्नाचार्य जी एवं योगेश्वराचार्य जी को भी आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर सांसद प्रमोद तिवारी के प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, अनिल महेश, धर्मेन्द्र तिवारी, अंजनी अमोघ, प्रवीण तिवारी, रमाशंकर शुक्ल, श्रीकांत मिश्र, राधेश्याम मिश्र, संजीव मिश्र, सुधीर तिवारी, सुरेश पाण्डेय, शेर बहादुर सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, मौजूद रहे। वहीं आशुतोष मिश्र, आशीष मिश्र, डॉ. एचबी सिंह, गिरीशचंद्र मिश्र, लालता प्रसाद मिश्र, मथुरा प्रसाद मिश्र, छोटेलाल मिश्र, पवन प्रखर, आदि को श्रद्धालुओं की सेवा संगत में जुटे देखा गया।
