प्रतापगढ़। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते हुए कुल 08 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-।। अभय कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अनुरूप न होने की आशंका वाले खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
अभियान के दौरान कुण्डा क्षेत्र के डेरवा स्थित मौर्या मटर पनीर केन्द्र से पनीर, हीरागंज स्थित शिवशक्ति मिष्ठान से कलाकन्द तथा मानिकपुर स्थित श्री मिष्ठान भण्डार से बेसन लड्डू का नमूना लिया गया। इसी प्रकार गड़वारा स्थित शिव स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त पट्टी क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से बेसन एवं पेड़ा के एक-एक नमूने तथा बेसन का एक अन्य नमूना लिया गया। वहीं मान्धाता क्षेत्र स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान से दूध का नमूना संग्रहित किया गया। इस प्रकार खाद्य सचल दल द्वारा 08 आठ नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें विश्लेषण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग द्वारा दीपावली पर्व को देखते हुए खोया, पनीर, दूध, घी, मिठाई, नमकीन, ड्राई फ्रूट, खाद्य तेल, वनस्पति तथा रंगीन मीठे खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग का उद्देश्य मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी एवं डॉ. शमशुन नेहा मौजूद रहे।
