Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः श्रमिकों के शोषण का आरोप, डीएम से जांच की मांग


अमेठी। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के लघु एवं मध्यम कारखानों में श्रमिकों के शोषण तथा श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। संगठन के मध्यांचल उपाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि औद्योगिक क्षेत्र में बिहार, झारखंड, बंगाल सहित अन्य राज्यों और स्थानीय क्षेत्रों के हजारों मजदूर कार्यरत हैं। आरोप है कि कई कारखानों में श्रमिकों का समुचित पंजीकरण, गेट पास, ईपीएफ, ईएसआई और पुलिस सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ श्रमिकों को बैंक खातों के बजाय नकद मजदूरी दी जाती है तथा काम के घंटे, अनुपस्थिति और वेतन का उचित रिकॉर्ड नहीं रखा जाता। दुर्घटना या चोट लगने की स्थिति में कारखाना प्रबंधन द्वारा जिम्मेदारी से बचने की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है।भारतीय किसान यूनियन ने मांग की है कि जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सभी लघु एवं मध्यम कारखानों में श्रमिकों का नियमानुसार पंजीकरण और पहचान पत्र की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। पात्र श्रमिकों को ईपीएफ एवं ईएसआई का लाभ दिलाने तथा संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की भी मांग की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों द्वारा श्रमिकों की समस्याओं पर गंभीरता से सुनवाई नहीं की गई और मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गैस चूल्हा लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर रात-दिन धरना जारी रखा जाएगा।इस दौरान वीरेंद्र सिंह, प्रेम शंकर द्विवेदी और शिवनाथ सिंह सहित भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और औद्योगिक क्षेत्र में कार्यस्थल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |