शुकुलबाजार: मिलावटी मिठाई का खतरा, खाद्य विभाग पर सवाल
November 02, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। दीपावली पर मिठाई की मांग बढ़ते ही शुकुल बाजार में मिलावटी और नकली खोये की मिठाइयों का खतरा मंडराने लगा है। बाजार सज गए हैं, कारीगर दिन-रात मिठाई बना रहे हैं, लेकिन शुद्धता की गारंटी कौन देगा? सबसे बड़ा सवाल खोये की आपूर्ति पर है। कई दुकानों पर कुंतलों में मिठाई बन रही है, जबकि उनके पास न अपना दुग्ध संग्रह केंद्र है, न दूध की आपूर्ति का कोई लेखा-जोखा। ऐसे में आशंका है कि सस्ता, मिलावटी खोया और वनस्पति तेल से मिठाइयों में चिकनाहट और वजन बढ़ाया जा रहा है। दूसरी लापरवाही खुली मिठाइयों को लेकर है। भारतीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण का स्पष्ट आदेश है कि हर थाल पर मिठाई का नाम, बनने की तिथि और खाने योग्य अंतिम तिथि लिखनी होगी, लेकिन शुकुल बाजार में एक भी दुकान पर यह जानकारी नहीं है। ग्राहक अंदाजे से बासी मिठाई खरीदने को मजबूर है।जगदीशपुर और गौरीगंज में नमूने तो लिए गए, पर शुकुल बाजार आज तक विभाग की नजर से बाहर है। यदि मिलावट की जांच नहीं हुई तो त्योहार पर सैकड़ों परिवारों का स्वास्थ्य दांव पर लग सकता है। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शुकुल बाजार में तत्काल छापेमारी हो, खोया मंडी और मिठाई कारखानों के नमूने लेकर जांच प्रयोगशाला भेजे जाएं और बिना तिथि वाली खुली मिठाई बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई हो।
