दिव्या गंगवार और चैधरी प्रदीप सिंह पटेल ने नेताजी के संघर्षों को किया याद, बोले- गरीबों और वंचितों के अधिकारों की आवाज थे मुलायम सिंह यादव
बीसलपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को बीसलपुर स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान उनके राजनीतिक जीवन, संघर्षों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों पर विचार व्यक्त किए गए।
130 विधानसभा बीसलपुर की पूर्व प्रत्याशी एवं समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव दिव्या पी. गंगवार ने कहा कि नेताजी का जीवन संघर्ष, सादगी और जनसेवा की मिसाल रहा है। उन्होंने हमेशा किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाओं और वंचित तबके के अधिकारों को प्राथमिकता दी। राजनीति में उनकी पहचान एक ऐसे जननेता के रूप में बनी, जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं को जनहित में काम करने की प्रेरणा देते हैं।
चैधरी प्रदीप सिंह पटेल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित किया। समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि नेताजी के बताए रास्ते पर चलते हुए आम लोगों की समस्याओं के लिए संघर्ष करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में अमित कुर्मी, रूपलाल महातिया, भूदेव, ओमपाल गंगवार, सुनील गंगवार, सुशील, अनिल गंगवार, डॉ. रवि शंकर, डॉ. अरविंद, रामपाल पटेल, हरिशंकर वर्मा, मुन्नालाल कश्यप, अशोक मौर्य, राकेश बाथम, राजेश गौतम, अमित गौतम, कपिल गौतम, रामनारायण सागर, कपिल यादव और सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में उपस्थित लोगों ने नेताजी के सिद्धांतों को आत्मसात करने और समाजवादी विचारधारा के साथ जनसेवा एवं सामाजिक न्याय के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
