सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुआ मां सरस्वती का पूजन, हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से भक्तिमय हुआ वातावरण
बीसलपुर। शिक्षा को संस्कारों से जोड़कर नई पीढ़ी को दिशा देने वाले सरस्वती विद्या मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर एवं बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज के संस्थापक श्रद्धेय गुरुदेव रामरक्षपाल गुप्त की पुण्यतिथि विद्यालय परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने उनके शैक्षिक योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव के पुत्र डॉ. राजेश कुमार गुप्त ने मां सरस्वती के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। इसके बाद उन्होंने गुरुदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। आयोजन के दौरान हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया गया। भक्ति और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वातावरण में उपस्थित लोगों ने गुरुदेव के जीवन आदर्शों को स्मरण किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान एवं प्रबंधक विष्णु कुमार गोयल ने कहा कि गुरुदेव रामरक्षपाल गुप्त ने शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों के विकास को भी प्राथमिकता दी। उनके द्वारा स्थापित शैक्षिक परंपराएं आज भी विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य जनार्दन मिश्रा, रमेश पाल, तेजप्रकाश, मोहित रस्तोगी सहित विद्यालय के आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
