बीसलपुर/पीलीभीत। 130 बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जनसंपर्क कार्यालय पर नव-नियुक्त जिला उपाध्यक्ष , पूर्व सदस्य जिला पंचायत पीलीभीत रामप्रताप गंगवार के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र सभा के सदस्य, लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया।
रामप्रताप गंगवार ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत समाजवादी पार्टी से ही की थी। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्हें जल्द ही समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। यहीं से उनके राजनीतिक सफर को नई दिशा मिली। उनके नेतृत्व में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीसलपुर के छात्र संघ चुनावों में अधिकांश बार संगठन ने विजय हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी। रामप्रताप गंगवार जिला पंचायत पीलीभीत के वार्ड नंबर 27 से सदस्य जिला पंचायत भी निर्वाचित हो चुके हैं। छात्र राजनीति से लेकर जिला पंचायत तक का उनका सफर जमीनी स्तर पर संगठन और जनसंपर्क से जुड़ाव को दर्शाता है। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रामप्रताप गंगवार को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुभव और सक्रियता से पार्टी को मजबूती मिलेगी तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। नव-नियुक्त जिला उपाध्यक्ष रामप्रताप गंगवार ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वाहन करेंगे। साथ ही बीसलपुर विधानसभा सहित पूरे जनपद में समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
इस अवसर पर लोहिया वाहिनी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दुष्यंत गंगवार, जिला उपाध्यक्ष विवेक गंगवार, भानु यादव एडवोकेट, अकील सिद्दीकी, प्रियांशु उर्फ अंशुल पटेल, मनोज गंगवार, अंकित वर्मा, उजाला बाबू भारती, मोहित पटेल और लाजपत राय उर्फ लालू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
