मिशन बिटिया की शादी अभियान के तहत टिकावर गांव में जरूरतमंद परिवार को मिला सहारा, अब तक 39 बेटियों की शादी में कर चुकी है मदद
प्रतापगढ़। जन कल्याण सेवा समिति ने एक बार फिर इंसानियत और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए अमेठी जिले के टिकावर गांव की एक गरीब एवं बिना मां-बाप की बेटी की शादी में मदद का हाथ बढ़ाया। समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह पर्वत, संरक्षक राम बहादुर पाल एवं ज्ञान सिंह यादव की पहल पर मिशन बिटिया की शादी अभियान के तहत जरूरतमंद परिवार को गृहस्थी का सामान और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।आर्थिक तंगी के बीच बेटी की शादी की तैयारी कर रहे परिवार को समिति की ओर से पंखा, मेज-कुर्सी, बड़ा बक्सा, साड़ी, कंबल समेत अन्य जरूरी सामान दिया गया। सहयोग मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली और बेटी के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय अखिलेश सिंह पर्वत की पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। इस नेक कार्य में वरिष्ठ संरक्षक रणजीत तिवारी, जवाहर लाल यादव, दिलीप यादव, सनी सिंह, दुर्गेश गुप्ता, आशीष यादव, यशोदा बेन, दिलीप भाई पटेल, अंगद सिंह, राजा अग्रहरि, सत्यम दूबे, अखिलेश तिवारी एवं शिवम तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि जन सहयोग से मिशन बिटिया की शादी अभियान के तहत अब तक 39 बेटियों के विवाह में सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
