पीलीभीत । तहसील पूरनपुर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम और एसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को न्यायोचित समाधान भी मिले।
भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित स्थलों पर मौके से जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए, जिससे अनावश्यक विवाद और विवादित मामलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पात्र लाभार्थियों को पट्टे के प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके साथ ही दैवीय आपदा राहत के अंतर्गत प्रभावित लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए। सहायता राशि पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कही।
