Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: चुर्क नगर पंचायत के आठ सभासदों ने डीएम को सौंपा त्यागपत्र, चेयरमैन पर लगाए मनमानी के आरोप।

तीन साल से लगातार उपेक्षा और मनमाने तरीके से कार्य कराने का आरोप, शपथ पत्र के साथ जिलाधिकारी को सौंपा इस्तीफा।

सोनभद्र। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में अध्यक्ष और सभासदों के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। नगर पंचायत के आठ निर्वाचित सभासदों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपने पद से त्यागपत्र देने संबंधी प्रार्थना पत्र एवं शपथ पत्र सौंपा है। सभासदों के इस कदम से नगर पंचायत की राजनीति में हलचल मच गई है।

जिलाधिकारी को सौंपे गए त्यागपत्र में सभासदों ने बताया है कि वे नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा के निर्वाचित सदस्य हैं और सभी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं जेई के कार्य करने के तरीके से वे काफी क्षुब्ध हैं। सभासदों का आरोप है कि उनकी बातों और सुझावों को गंभीरता से नहीं लिया जाता तथा नगर पंचायत में मनमाने ढंग से कार्य किए जा रहे हैं।

सभासदों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब तीन वर्षों से नगर पंचायत में यही रवैया अपनाया जा रहा है। जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उनकी समस्याओं और आपत्तियों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उनका कहना है कि जब वे नगर पंचायत के कार्यों को लेकर अध्यक्ष के समक्ष अपनी बात रखते हैं तो कथित तौर पर उन्हें जवाब मिलता है कि आप लोगों को जहां जाना है और जिसके यहां शिकायत करनी है, वहां जाकर शिकायत करिए। सभासदों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से वे लगातार अपमानित और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

इसी से नाराज होकर आठों सभासदों ने सामूहिक रूप से पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया। उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र शपथ पत्र के साथ सौंपते हुए उसे स्वीकार करने की मांग की है। सभासदों ने प्रशासन से नगर पंचायत में जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और कार्यप्रणाली की जांच कराने की भी अपेक्षा जताई है।

आठ निर्वाचित सभासदों की ओर से एक साथ त्यागपत्र सौंपे जाने का मामला नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन के रुख और इस मामले में होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।सभासद गण सूरज चंद्रवंशी,रूपेश कुमार,अजय सिंह,असफाक,पार्वती,उषा देवी,विशाल सिंह,आरती देवी मौजूद रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |