बहराइच में तेंदुए का खौफ, घर में सो रही 6 साल की मासूम पर हमला, मां की बहादुरी से बची जान
November 17, 2026
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद डरावनी और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के सुजौली थाना क्षेत्र के ईदगाह पुरवा गांव में एक खूंखार तेंदुए ने घर में घुसकर 6 साल की मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भयंकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
यह घटना बीती रात करीब 3 बजे की है। छह साल की बच्ची दिव्या अपने घर के अंदर खटिया पर मच्छरदानी के अंदर चैन से सो रही थी। तभी जंगल की तरफ से आया एक तेंदुआ दीवार फांदकर चुपचाप घर के अंदर घुस आया। तेंदुए ने सीधे सोते हुए बच्ची को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे खींचकर बाहर की तरफ ले जाने लगा।
बच्ची के खींचने की आहट और सुगबुगाहट से उसकी मां की नींद अचानक खुल गई। मां ने जब अंधेरे में देखा कि एक खूंखार तेंदुआ उनकी बेटी को घसीटते हुए ले जा रहा है, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। लेकिन बिना एक पल गंवाए, मां ने बच्ची को बचाने की कोशिश करने लगी। उन्होंने बिना डरे तेंदुए की पकड़ से बेटी को अपनी तरफ जोर से खींच लिया। उसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुआ को भगाने में वो कामयाब रहे।
इस खतरनाक हमले में मासूम दिव्या के गले, सिर, कान और बांह पर बहुत गंभीर जख्म आए हैं। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्ची को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टर उसकी देखरेख कर रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इलाके में तेंदुए ने आतंक मचाया हो। इससे पहले भी तेंदुआ गांव में तीन बार हमले कर चुका है और घर के दरवाजे पर बंधी बकरियों को भी उठा ले गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी और डर का माहौल है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है और ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
