Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस का बड़ा फैसला, 5 लोग तय करेंगे अखिलेश संग सीट शेयरिंग फॉर्मूला


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे और गठबंधन से जुड़े दूसरे मुद्दों पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है. इस कमेटी में प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है. यह कमेटी सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ सीटों के बंटवारे से लेकर गठबंधन के अन्य मुद्दों पर मंथन करेगी और दोनों दलों के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करेगी.

दरअसल, सोमवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई. इसमें राहुल गांधी ने सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर कहा कि समझौता सम्मानजनक होना चाहिए. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने बैठक में कहा कि सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना होगा और समाजवादी पार्टी गठबंधन की महत्वपूर्ण साझेदार है. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे.

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे. प्रदेश की जनता बदलाव की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है. उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस पार्टी INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी.

कांग्रेस की यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर दो अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है. पहला मुद्दा विधानसभा सीटों के बंटवारे का है, जबकि दूसरा स्वामी प्रसाद मौर्य को INDIA गठबंधन में शामिल करने की कांग्रेस की कोशिश से जुड़ा है.

पिछले दिनों अखिलेश यादव ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है. वहीं, अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं. राहुल गांधी से स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात के बाद उनके गठबंधन में शामिल होने की अटकलें शुरू हुई थीं.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |