Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, 26 वर्षीय शख्स की गोली मारकर हत्या


दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में रविवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। सोनिया विहार इलाके में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में 26 वर्षीय समीर की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:25 बजे खजूरी खास थाने को सोनिया विहार के जीरो पुश्ता स्थित कूड़ा खट्टा के पास गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि शाम करीब 5:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावर पीछे से आए और स्कूटी पर सवार एक युवक को गोली मारकर फरार हो गए।

मृतक की पहचान समीर के रूप में हुई है। वह दयालपुर के 33 फुटा रोड का रहने वाला था। घटना के समय समीर रिजवान नाम के व्यक्ति की स्कूटी पर पीछे बैठा हुआ था। गोली लगने के बाद रिजवान उसे सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर की पहचान कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इस घटना को लेकर दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हमलावरों का निशाना मंत्री कपिल मिश्रा या उनका कैंप कार्यालय नहीं था। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात दो पुराने साथियों के बीच आपसी रंजिश का नतीजा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |