Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में पुराने घर की छत गिरी, मलबे में दबने से 3 साल की बच्ची समेत 2 लोगों की दर्दनाक मौत


दिल्ली के विवेक विहार के ज्वाला नगर इलाके में एक पुराने मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में मलबे के नीचे दबने से 3 साल की एक मासूम बच्ची और 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने राहत और बचाव कार्य चलाते हुए मलबे में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विवेक विहार थाने में सुबह लगभग 10:09 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि ज्वाला नगर की गली नंबर 6 में एक मकान ढह गया है और मलबे के नीचे कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

हादसे का शिकार हुआ यह ग्राउंड प्लस टू मंजिला पुराना मकान सुरेंद्र सिंह का बताया जा रहा है। इस इमारत में किराए पर कुछ मजदूर परिवार रहते थे। मलबे के नीचे दबे सभी लोग मजदूरी का काम कर अपना जीवनयापन करते थे। कैट्स एम्बुलेंस और स्थानीय प्रशासन की मदद से मलबे के नीचे फंसे सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य का इलाज जारी है।

डीएम अजय कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घर के पास से रेलवे ट्रैक जाता है, जिसकी वजह से घर में वाइब्रेशन होती थी। मकान मालिक द्वारा समय-समय पर मरम्मत न करवाए जाने के कारण मकान और उसकी छत काफी कमजोर हो गई थी, जिसके एक हिस्से के अचानक गिरने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि इस घर में एक ही परिवार के 7 लोग किराए पर रहते थे। रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाल लिया गया है, जिसमें से एक बच्चे और 30 साल के एक युवक की मौत हुई है, वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है। एमसीडी और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |