Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः नगर निगम की सख्त कार्रवाई ! औरंगाबाद जागीर में ₹1.80 करोड़ की सरकारी भूमि अवैध कब्जे से मुक्त


लखनऊ। नगर निगम ने सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में, मंगलवार को सरोजनी नगर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम औरंगाबाद जागीर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशों के तहत अधिकारियों ने यहां बुलडोजर चलाकर लगभग 10,000 वर्गफुट सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम औरंगाबाद जागीर के खसरा संख्या 1145 (क्षेत्रफल 0.063 हेक्टेयर बंजर) और खसरा संख्या 1454 (क्षेत्रफल 0.341 हेक्टेयर तालाब) को खाली कराया गया, जो आधिकारिक तौर पर नगर निगम के स्वामित्व और निहित सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है।

जांच में सामने आया कि कुछ भू-माफियाओं द्वारा इस जमीन पर अवैध रूप से रेडीमेड बाउंड्रीवॉल खड़ी करके प्लॉटिंग करने की कोशिश की जा रही थी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से सभी अवैध निर्माणों और बाउंड्रीवॉल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मुक्त कराई गई इस बेशकीमती जमीन का कुल क्षेत्रफल लगभग 10,000 वर्गफुट है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है।

इस पूरी कार्रवाई को अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन, प्रभारी अधिकारी संपत्ति रिपूदमन सिंह और तहसीलदार अरविन्द पाण्डेय के सहयोग से अंजाम दिया गया। मौके पर अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार  राजेन्द्र कुमार ने किया, तथा नगर निगम के लेखपाल अनूप गुप्ता भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |