रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा। जोश, उत्साह और जोरदार नारेबाजी के बीच निकली पदयात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों पर माहौल को भाजपामय बना दिया। पूरा शहर भाजपा के झंडों, बैनरों और नारों से सराबोर नजर आया। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर आगमन पर भाजपा जिला संगठन और नगर निगम की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी पार्क में आयोजित विशाल जनसभा से हुई। जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दीपावली मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इसे बाद जनसभा हुई और तत्पश्चात पदयात्रा का शुभारंभ होते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सबसे आगे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश से सुसज्जित रथ चल रहा था। इसके पीछे छोलिया नृत्य प्रस्तुत करते कलाकारों की आकर्षक झांकी पदयात्रा की शोभा बढ़ा रही थी। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता हाथों में पार्टी के झंडे और पदयात्रा के संदेश से जुड़े बैनर लेकर आगे बढ़े। उनके पीछे हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का काफिला चलता रहा।
गांधी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा बाटा चैक पहुंची, जहां से मुख्य बाजार होते हुए भगत सिंह चैक और अग्रवाल धर्मशाला मार्ग से आगे बढ़ी। इसके बाद पदयात्रा काशीपुर बाईपास और अग्रसेन चैक होते हुए पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। पदयात्रा जिस भी मार्ग से गुजरी, वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। बाजारों में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और समर्थकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। जय श्रीराम और मुख्यमंत्री धामी जिंदाबाद के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा।
पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से पदयात्रा मार्ग पर पांच अलग-अलग स्थानों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला इन स्थानों पर पहुंचा, जेसीबी से फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया। आसमान से बरसते फूलों के बीच मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने का यह अनूठा अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसके अलावा कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों की छतों से भी पुष्पवर्षा की। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने भी मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदयात्रा में सिख समुदाय, मोबाइल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। जगह-जगह स्वागत द्वार और पुष्पवर्षा के माध्यम से लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। पूरे मार्ग पर उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने कार्यक्रम को शहर के बड़े राजनीतिक आयोजनों में शामिल कर दिया।
पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा एवं सौरभ बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट एवं श्रीपाल राणा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा एवं अरविंद पांडेय, महापौर विकास शर्मा, दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, गुंजन सुखीजा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, खिलेंद्र चैधरी, संकेत अग्रवाल, पुष्कर काला, भारत भूषण चुघ, गुरबिंदर सिंह चंदोक, विनय रुहेला और बलराज पासी,दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, सुरेश कोली, गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह बिष्ट, रजीत सिंह नामधारी, खतीब अहमद, संजय बछाड़, मनजीत राजू, सीमा चैहान, प्रीत ग्रोवर और परविंद्र विर्क सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, पूर्व विधायक, प्रदेश प्रवक्ता, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी, विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
