कोन (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के चेरवाडीह बस स्टैंड के समीप मंगलवार शाम 34 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, केवाल गांव निवासी नितेश कुमार (34) पुत्र ललित तिवारी मंगलवार शाम करीब सात बजे चेरवाडीह बस स्टैंड के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का कहना है कि नितेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक के पिता ललित तिवारी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चेरवाडीह के कुछ युवकों से उनके पुत्र का विवाद हुआ था। यह विवाद एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। मामला थाने तक पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते नितेश की हत्या कर शव को सड़क किनारे रख दिया गया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो।
परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर संदेह जताते हुए उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
