बल्दीराय/सुल्तानपुर। बल्दीरायथाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक महिला और एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में तैरता हुआ महिला का शव देखा। इसके कुछ ही दूरी पर नवजात शिशु का शव भी पानी में पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। दोपहर लगभग 3 बजे शवों की शिनाख्त हो सकी।
मृतका की पहचान बल्दीराय थाना क्षेत्र के बिही निदूरा गांव निवासी मनीषा (24), पत्नी अखिलेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मनीषा 8 माह की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि मनीषा 6 सितंबर को अपने पति के साथ आधार कार्ड बनवाने के सिलसिले में घर से निकली थी। बाजार पहुंचकर उसने पति को समोसा लाने भेजा और इसी बीच वह अचानक लापता हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे नहर की तरफ जाते देखा था।
पति ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय थाने में सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। पानी में अधिक समय रहने के कारण पेट फटने से गर्भ में पल रहा बच्चा बाहर आ गया था।
मामले में मृतका के भाई ने पुलिस को दिए बयान में कोई भी कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। परिजनों में आक्रोश और दूरी साफ देखने को मिली।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष कुमार ने बताया कि वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
