लखनऊ। मड़ियांव थाना के अंतर्गत भरत नगर निवासी मगन बिहारी तिवारी हत्याकांड में आज क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मंगलवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक मृतक की पत्नी माया कुमारी को प्रदान किया।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मगन बिहारी तिवारी की हत्या की घटना बेहद अफसोसजनक और गंभीर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 20 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
डॉ. बोरा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री जी से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के लिए आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है ।
