सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत वसुधा गांव निवासी एक 19 वर्षीय युवक की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को युवक का शव एंबुलेंस से गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार वसुधा निवासी कमलेश पुत्र परमेश्वर लगभग दो माह पूर्व रोजगार की तलाश में गुजरात गया था। वहीं उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। गुजरात से शव एंबुलेंस के माध्यम से उसके पैतृक गांव लाया गया।
शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और एंबुलेंस को रोककर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और युवक ही परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था।
मामले की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और मामले का समाधान निकालने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे, जबकि पुलिस प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने में जुटा था।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
