सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन शुद्धि" अभियान के तहत थाना पिपरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 850 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त महिन्द्रा XUV वाहन, दो मोबाइल फोन तथा दो नम्बर प्लेट भी बरामद की हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुश्री मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना पिपरी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 30 सितम्बर की रात करीब 10:45 बजे रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर एक महिन्द्रा XUV वाहन पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट के नीचे तथा डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेटों में कुल 2 क्विंटल 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन पर पुलिस को भ्रमित करने के लिए फर्जी नम्बर प्लेट लगाई गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उमेश अहिरवार पुत्र राम मनोहर अहिरवार निवासी बजरंग चौक, गांधीनगर थाना कोतवाली महोबा तथा महिपाल पाल पुत्र इन्द्रपाल पाल निवासी कबरई थाना कबरई जनपद महोबा के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 23 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर महोबा पहुंचाने का काम करते थे और प्रत्येक खेप के बदले उन्हें 20-20 हजार रुपये मिलते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि इससे पहले भी एक-दो बार गांजा की खेप पहुंचा चुके हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि चेकिंग से बचने के लिए वाहन पर अलग-अलग नम्बर प्लेटों का इस्तेमाल किया जाता था।
इस मामले में थाना पिपरी पर मुकदमा अपराध संख्या 186/2026 के तहत धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट एवं संबंधित बीएनएस धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
