सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र स्थित पाली हॉस्पिटल, उरमौरा में उपचार के दौरान महिला मरीज रूक्मणी की मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच समिति का गठन किया है। समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा सके।
जारी आदेश के अनुसार, मृतका रूक्मणी की 29 सितम्बर 2026 को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना के संबंध में विभिन्न तथ्यों की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। समिति में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर को सदस्य, उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिन्द, जिला संयुक्त चिकित्सालय के एनेस्थेटिस्ट डॉ. राजेश कुमार सिंह तथा सर्जन डॉ. अरविन्द को शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित यह समिति अस्पताल में हुए उपचार, चिकित्सकीय प्रक्रिया एवं मृत्यु से संबंधित सभी पहलुओं की जांच करेगी। समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पाली हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
