विधायक भूपेश चौबे और एसपी अभिषेक वर्मा ने किया उद्घाटन, सीसीटीवी कैमरों से संदिग्धों पर रखी जाएगी नजर।
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली चौक पर शुक्रवार को पुलिस सहायता केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। सदर विधायक भूपेश चौबे और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-पाठ भी संपन्न कराया गया।
पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। केंद्र पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी।
इसके साथ ही बढ़ौली चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलने के साथ ही क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना से बढ़ौली चौक और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तथा राहगीरों को सुरक्षा के लिहाज से लाभ मिलने की उम्मीद है। आवश्यकता पड़ने पर लोग यहां से पुलिस की मदद प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, थाना रॉबर्ट्सगंज के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
