Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुलतानपुर: जवान का शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस खड़े ट्रक में घुसी, चार की मौत! इकलौते बेटे, भाई और रिश्ते के भतीजे समेत चालक ने तोड़ा दमय डीएम के गले लगकर फूट-फूटकर रोया परिजन


बल्दीराय/हलियापुर/सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सेना के जवान का शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में जवान के इकलौते बेटे, भाई, रिश्ते के भतीजे और एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का शव स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया।

हादसा सुबह करीब 8रू15 बजे अयोध्या-सुलतानपुर सीमा के पास हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 79.6 किलोमीटर के पास हुआ। परिवार के लोग पंचकुला से सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से लेकर देवरिया जा रहे थे।

मृतकों की पहचान गौरव सिंह (18), राम समुझ (55), राजन सिंह (35) और एंबुलेंस चालक जसपाल के रूप में हुई है। गौरव जवान का इकलौता बेटा था, जबकि राम समुझ उनके भाई और राजन रिश्ते के भतीजे बताए गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस तेज रफ्तार में थी। अचानक वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

टक्कर के बाद एंबुलेंस का केबिन बुरी तरह पिचक गया। चालक जसपाल और आगे बैठे गौरव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। चालक का शव स्टेयरिंग में फंस गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने गाड़ी को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला।

एंबुलेंस में पीछे बैठे राम समुझ और राजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर हलियापुर थाने में सुरक्षित रखवाया गया।

हादसे की सूचना पर डीएम इंद्रजीत सिंह और पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। परिवार में चार मौतों की खबर से मातम पसरा था। इस दौरान मृतक का परिजन डीएम के गले लगकर फूट-फूटकर रो पड़ा। डीएम ने उसके कंधे पर हाथ रखकर सांत्वना दी और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि देवरिया के रुद्रपुर निवासी सेना के सूबेदार मेजर सत्यवान मेरठ में तैनात थे। उनका चंडीगढ़ के कमांड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था और किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। करीब तीन दिन पहले उनका निधन हो गया था। इसके बाद परिवार के लोग पंचकुला पहुंचे और शनिवार शाम करीब चार बजे उनका पार्थिव शरीर लेकर एंबुलेंस से देवरिया के लिए रवाना हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से पीछे चल रहे थे।

डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सूबेदार सत्यवान देवरिया के रहने वाले थे और उनका इलाज चंडीगढ़ के कमांड हॉस्पिटल में चल रहा था। हादसे में चालक समेत परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। हादसे की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।

एसपी विनीत जायसवाल के मुताबिक डायल-112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |